मनेंद्रगढ़ | भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश प्रतिनिधि अधिवक्ता रामनरेश पटेल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मनेंद्रगढ़ जिले में संचालित विभिन्न मोबाइल मेडिकल यूनिट का आपसी सामंजस्य स्थापित कर निर्धारित रोड मैप की जानकारी भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा मनेंद्रगढ़ व आमजन को पूर्व से उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा है कि मनेंद्रगढ़ जिला अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पीएम जन मन योजना के तहत तीनों विकासखंड में अलग-अलग 5 मोबाइल मेडिकल यूनिट, शहर क्षेत्रों में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत 5 मोबाइल मेडिकल यूनिट और पूरे जिले के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा मनेंद्रगढ़ के तरफ से एक मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन हो रहा है, लेकिन प्रचार-प्रसार नहीं होने और सभी मोबाइल मेडिकल यूनिट को एक-दूसरे का रूट चार्ट की जानकारी नहीं होने के कारण जनता को उसका सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में 2 फरवरी 2026 को सीएमएचओ को पत्र दिया गया था, लेकिन कोई जानकारी अभी तक नहीं मिली है। भारतीय रेडक्रास सोसायटी के प्रदेश प्रतिनिधि अधिवक्ता रामनरेश पटेल ने कलेक्टर से पीएम जन-मन योजना व मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के मोबाइल मेडिकल यूनिट को अपने निर्धारित रूट चार्ट की जानकारी माह प्रारंभ होने से कम से कम एक सप्ताह पूर्व भारतीय रेडक्रास सोसायटी शाखा मनेंद्रगढ़ एवं अन्य सामाजिक संगठनों को दिए जाने निर्देशित किए जाने का आग्रह किया है, ताकि उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा सके एवं आम जन मानस को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके।


