रायपुर मारवाड़ थाना क्षेत्र के ब्यावर–पिंडवाड़ा फोरलेन पर शनिवार सुबह एक लोडिंग टेंपो में आग लग गई। हादसे में टेंपो का ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5:15 बजे टोल प्लाजा के पास एक निजी होटल के सामने हुई। सूचना पर रायपुर थाने के एएसआई भगाराम चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एएसआई भगाराम ने बताया कि हादसे में ड्राइवर ओमप्रकाश (25) पुत्र विरमाराम जाट की जिंदा जलने से मौत हो गई। ओमप्रकाश गांव लुणावा, तहसील बायतु (बाड़मेर) का रहने वाला था। जो आज सुबह गुड़गांव से लोडिंग टेंपो में प्लाईवुड भरकर सुमेरपुर की ओर जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड जैतारण व ब्यावर को हादसे की सूचना दी। जिसने मौके पर आकर आग पर काबू पाया। बॉडी को कब्जे में लेकर रायपुर के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। शार्ट सर्किट की आशंका एएसआई ने बताया कि टेंपो में प्लाईवुड भरी होने और आग के फैलने की रफ्तार को देखते हुए शॉर्ट सर्किट से हादसा होने की संभावना है। मामले की जांच की जा रही है। राहगीरों ने किया आग बुझाने का प्रयास मौके पर मौजूद ढाबा–होटल संचालकों ने बताया कि तड़के सड़क किनारे अचानक लोडिंग टेंपो में तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। टेंपो में लकड़ी की प्लाईवुड भरी हुई थी, जिससे आग तेजी से भड़क उठी। राहगीरों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि वाहन कुछ ही मिनटों में खाक हो गया। 108 एम्बुलेंस स्टाफ धीरज वैष्णव ने बताया कि सुबह 5:54 घटना की सूचना मिली। टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक टेंपो का ड्राइवर अंदर ही पूरी तरह जल चुका था। एम्बुलेंस कर्मियों ने बताया कि शरीर को पहचानना संभव नहीं था। फोरलेन पर अचानक हुए हादसे के बाद लंबा जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट कर राजमार्ग सुचारु कराया। एएसआई भगाराम चौधरी ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर घटना की जानकारी दी है। जिनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


