हवाई सेवाओं के लगातार रद्द होने और त्योहारों के दौरान बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी पहल की है। मंडल के प्रमुख स्टेशनों सवाईमाधोपुर, कोटा, रामगंजमंडी और भवानीमंडी से होकर गुजरने वाली कुल चार विशेष रेलसेवाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनमें दो एकल ट्रिप स्पेशल और दो सुपरफास्ट स्पेशल शामिल हैं। इन सेवाओं से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि हवाई उड़ानें बाधित होने तथा बढ़े यात्री दबाव की स्थिति में रेलवे यात्रियों को विश्वसनीय, सुरक्षित और अतिरिक्त यात्रा विकल्प प्रदान करने के लिए विशेष रेलसेवाएं चला रहा है। सबसे पहले, दुर्गापुरा–बान्द्रा टर्मिनस स्पेशल (09729/09730) एक-एक फेरा के साथ 7 और 8 दिसंबर को संचालित होगी। ट्रेन में फर्स्ट एसी से लेकर सामान्य श्रेणी तक कुल 23 कोच लगाए गए हैं। इसके अलावा हिसार–खडकी–हिसार स्पेशल (04725/04726) भी 7 और 8 दिसंबर को चलेगी, जिसमें कुल 22 डिब्बे शामिल होंगे। यह भी कोटा मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। साथ ही, पश्चिम रेलवे द्वारा मुंबई सेंट्रल–शकूर बस्ती सुपरफास्ट स्पेशल (09003/09004) के 32 फेरों का संचालन 8 से 30 दिसंबर तक किया जा रहा है। यह ट्रेन भी कोटा मार्ग से होकर गुजरेगी और मंडल सहित दिल्ली—मुंबई रूट के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इसके अतिरिक्त बांद्रा टर्मिनस–दुर्गापुरा सुपरफास्ट स्पेशल (09730/09729) के दो फेरे भी घोषित किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की वास्तविक स्थिति, समय और ठहराव की जानकारी NTES ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य देखें।


