सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहझर में मंगलवार दोपहर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। घायल युवक की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने मड़वास थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक प्रभा सिंह गोंड ग्राम डोल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक को रोका। आरोप है कि तीनों युवकों ने प्रभा सिंह से पैसों की मांग की। जब प्रभा सिंह ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। हमलावरों ने लाठी-डंडे और हाथ-मुक्कों से युवक को बुरी तरह पीटा, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। मारपीट के दौरान प्रभा सिंह को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित की शिकायत में ग्राम बैरहा निवासी रामकरण प्रजापति का नाम सामने आया है, जिस पर मारपीट का आरोप है। घटना में उसके साथ दो अन्य युवकों के शामिल होने की भी बात कही गई है। मामले को लेकर मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ विधिसंगत कार्रवाई की जाएगी।


