लोहड़ी पर्व पर खन्ना पुलिस का भांगड़ा:SSP ने डाला गिद्दा, अधिकारी भी नाचे, पंजाबी लोकगीत गाए, एक-दूसरे को दी बधाई

लुधियाना जिले के खन्ना में लोहड़ी का त्योहार इस बार पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विशेष अंदाज में मनाया। खन्ना स्थित एसएसपी कार्यालय ढोल की थाप, पंजाबी लोकगीत और भांगड़ा-गिद्दा ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम की अगुवाई एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने की। उन्होंने पुलिस स्टाफ को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं और स्वयं भी कर्मचारियों के साथ भांगड़ा व गिद्दा डालकर पर्व की खुशियां साझा कीं। एसएसपी को स्टाफ के साथ गिद्दा डालते देख सभी का उत्साह बढ़ गया, जिससे पूरा एसएसपी कार्यालय पंजाबी संस्कृति के रंग में रंग गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक लोकगीत गाए। “सुंदर मुंदरिए” जैसे लोकगीतों पर ढोल की थाप ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे आपसी भाईचारे और टीम भावना का संदेश दिया गया। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि लोहड़ी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और आपसी मेलजोल को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन पुलिस बल में सकारात्मक माहौल बनाते हैं और काम के तनाव को कम करने में सहायक होते हैं। डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि पंजाब पुलिस एक परिवार की तरह है, और ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम इस परिवार को और मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मूंगफली, रेवड़ी, गजक और मिठाइयां भी बांटी गईं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *