लोहरदगा में एनएसयूआई की संगठनात्मक बैठक 10 जनवरी का राजभवन घेराव करने का निर्णय

भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा जिला कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनौव्वर आलम ने की। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी चुन्नू सिंह व झारखंड एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को तेज करने और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद दानिश अली एवं सेवा दल लोहरदगा प्रखंड अध्यक्ष निखिल उरांव की भी विशेष उपस्थिति रही। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 10 जनवरी 2026 को मोरहाबादी मैदान से लोक भवन (राजभवन) तक छात्र आक्रोश मार्च निकालते हुए राजभवन का घेराव किया जाएगा। यह आंदोलन झारखंड के लगभग चार लाख तीस हजार छात्र-छात्राओं को मिलने वाली छात्रवृत्ति की लंबित राशि और उनके अधिकारों की मांग को लेकर किया जाएगा। बैठक में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित ओबीसी छात्रवृत्ति की साठ प्रतिशत हिस्सेदारी की राशि झारखंड सरकार को लगातार कम दी जा रही है, जिससे राज्य के गरीब, पिछड़े और आदिवासी छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्ष 2023-24 में 271 करोड़ की मांग के विरुद्ध मात्र 71 करोड़, 2024-25 में 253 करोड़ की मांग पर केवल 33 करोड़ तथा 2025-26 में 370 करोड़ की मांग पर सिर्फ 13 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं। एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव चुन्नू सिंह ने कहा कि छात्रवृत्ति रोककर छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय किया जा रहा है। एनएसयूआई इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा कि जब तक छात्रों को उनका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में प्रदेश महासचिव सैफ अहमद, प्रदेश सचिव सविता कुमारी, जिला महासचिव शैलेश साहू, विकास राम, जिला सचिव रितिका कुमारी सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *