अलवर के प्रतापगढ़ में दौसा रोड स्थित गोविंद मशीनरी स्टोर पर जीएसटी विभाग की टीम ने छापा मारा। यहां 50 लाख से 1 करोड़ रुपए की कर चोरी मिलने की शिकायत हैं। लेकिन विभाग की टीम ने मामले का खुलासा नहीं किया। सोमवार को दिन में ही टीम पहुंच गई थी। रात भर जांच की गई। मंगलवार को भी पूरी जानकारी साझा नहीं की गई। लेकिन विभाग की छापेमारी से अन्य बड़े व्यापारियों में डर दिखा। कइयों ने प्रतिष्ठान ही बंद रखे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीएसटी इंस्पेक्टर जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विभाग की टीम मौके पर पहुंची और व्यापार से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। टीम ने खरीद-फरोख्त से संबंधित बिल, रजिस्टर, कंप्यूटर डेटा एवं स्टॉक का मिलान किया। कार्रवाई के दौरान गोदाम पर किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कर चोरी की आशंका को लेकर की गई है। हालांकि विभाग की ओर से अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी या निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई या संभावित जुर्माने को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इनपुट : बाबूलाल, प्रतापगढ़।


