जैसलमेर. कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन करते सर्वसमाज के लोग। जैसलमेर. सर्वसमाज के लोगों ने निकाली रैली। भास्कर न्यूज| जैसलमेर वक्फ भूमि के नाम पर नगर परिषद की भूमियों पर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ सर्वसमाज संघर्ष समिति के बैनर तले रैली का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे सर्वसमाज के लोग स्थानीय सत्यदेव व्यास पार्क में एकत्रित हुए। सर्व समाज के लोग रैली के रूप में गोपा चौक, जिंदानी चौक, गांधी चौक व हनुमान चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। एडवोकेट लालूसिंह सोढ़ा ने बताया कि जैसलमेर में गड़ीसर चौराहे के पास स्थित भूमि को कुछ समय पूर्व नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण मुक्त करवाकर उस पर नगर परिषद का बोर्ड लगवाया गया था। इसी भूमि पर कुछ दिन पूर्व असामाजिक तत्वों द्वारा न्यायालय में अपने कब्जे को साबित करने की नियत से पुनः अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया।नगरपरिषद द्वारा अतिक्रमण को हटवाया गया और कार्रवाई के दौरान मौके पर असामाजिक तत्वों द्वारा हंगामा भी किया गया। इसके अलावा नगर परिषद द्वारा घटना पर कुछ लोगों के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद व प्रशासन की शिथिलता के कारण असामाजिक तत्वों द्वारा वक्फ भूमि के नाम पर नगर में स्थित नगर परिषद की खाली भूमियों एवं अन्य व्यक्तियों की भूमि पर भी अतिक्रमण करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। जिससे सर्व हिन्दू समाज में भयंकर रोष है। इस अवसर पर संत नारायण भारती, अमृतलाल दैया, नटवर व्यास, नाथूराम भील, जेठाराम कुमावत, चन्द्रप्रकाश शारदा, सांगसिंह भाटी, मुरली खत्री, पवन कुमार सिंह, स्वरूपसिंह हमीरा, मुकेश जोशी, शरद व्यास, पदमसिंह, सुजानसिंह, मनोहरसिंह दामोदरा, जयंत दैया, पवन वैष्णव, संजय दयाल, अरुण पुरोहित, ओम सेवक, भूरसिंह, नरेन्द्र व्यास, हरिसिंह, चौथसिंह, शंभुसिंह, गणपतसिंह, पैंपसिंह व प्रदीपसिंह सहित सर्वसमाज के कई लोग मौजूद रहे। गड़ीसर चौराहे पर स्थित इस भूमि पर असामाजिक तत्वों द्वारा पुनः अतिक्रमण करने के विरुद्ध करवाई गई एफआईआर में सम्मिलित अन्य लोगों, अधिवक्ताओं पर भी आवश्यक कठोर कार्रवाई की जाए। गड़ीसर चौराहे स्थित भूमि के संबंध में चल रहे विभिन्न प्रकरणों में एवं अन्य प्रकरणों में भी नगर परिषद की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सहयोग से उचित पैरवी करवाकर इन भूमियों को शीघ्रातिशीघ्र अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएं। इस भूमि पर प्रशासन द्वारा भविष्य में किसी अतिक्रमण को रोकने के लिए अस्थाई पुलिस चौकी का निर्माण करवाया जाएं। शहर में स्थित वक्फ भूमियों को चिन्हित कर उनका सीमांकन करवाया जाएं ताकि वक्फ भूमि के नाम पर भूमि को अतिक्रमण से एवं लैंड जिहाद से बचाया जा सके। जैसलमेर शहर में स्थित वक्फ भूमि जिनका अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग कर धार्मिक उपयोग नहीं किया जा रहा है, उन पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएं।


