नव वर्ष पर 5 लाख रुद्राक्ष और 11 हजार डमरू से महाकाल मंदिर और महाकाल लोक परिसर को सजाया जाएगा। इसके लिए वडोदरा की 108 लोगों की टीम शहर आई है। टीम के सदस्य 31 दिसंबर की रात तक सजावट का काम पूरा करेंगे। टीम में शामिल नरेंद्र शाह ने कहा कि टीम ने इससे पहले केदारनाथ मंदिर में सजावट की थी। इस बार महाकालेश्वर मंदिर और महाकाल लोक में सजावट करने का अवसर मिला है। टीम की ओर से सबसे पहले नंदी द्वार पर सजावट की जाएगी। इसके बाद महाकाल लोक स्तंभ, मंदिर का शिखर, नीलकंठ द्वार, नंदी हॉल, चांदी द्वार को रूद्राक्ष डमरू, पन्नी बेल, झूमर, सीएनसी कटिंग से सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो दिन में यह काम पूरा कर लिया जाएगा। यह बाइकर्स की टीम है और बाइक से वडोदरा से यहां आए हैं। टीम ही सजाने का पूरा खर्च वहन कर रही है।


