भास्कर न्यूज | सरायकेला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता गोलक बिहारी कवि के आकस्मिक निधन पर मंगलवार को बार भवन में शोक सभा हुई। सभा की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने की। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गई। इस अवसर पर सभी अधिवक्ताओं ने न्यायिक एवं अन्य संबंधित कार्यों से दूरी बनाते हुए कलमबंद रखा। अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया। मिली जानकारी के अनुसार चांडिल अनुमंडलीय बार एसोसिएशन में भी अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता के सम्मान में कलमबंद रखा। स्व. गोलक बिहारी कवि लगभग 91 वर्ष के थे। वे अपने मिलनसार, हंसमुख और सरल स्वभाव के कारण अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों तथा आमजनों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। इतिहास शास्त्र में मास्टर डिग्री और एलएलबी की डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने शिक्षक के रूप में इचागढ़ हाई स्कूल तथा खरसावां हाई स्कूल में सेवाएं दी थीं। बाद में वर्ष 1968 में उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ सरायकेला में अधिवक्ता के रूप में योगदान दिया और न्यायिक सेवा में अपना बहुमूल्य समय समर्पित किया। इस शोकसभा में जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष, सहसचिव, कोषाध्यक्ष सह-कोषाध्यक्ष, वरीय अधिवक्ता केपी दुबे सहित कई अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।


