रांची | हरमू रोड के श्री श्याम मंदिर में गुरुवार को वरुथिनी एकादशी पर सुबह 5 बजे मंदिर के पट खुलते ही भक्तों की भीड़ लगी रही। जय जय जय खाटू के वासी जय जय बाबा श्याम शरणागत हम आए आपके दर्शन हमको दे दो…, श्याम के भजनों के गायन से सुबह के शृंगार आरती से श्याम मंदिर गूंज रहा था। भक्तों द्वारा चढ़ाई गई अर्जियों को श्याम मंदिर के आचार्य एक-एक कर एकादशी की रात बाबा श्याम को सुनाते हैं, जो भी श्याम भक्त बाबा को सच्चे मन से अपनी अर्जी लगाते हैं, बाबा उनकी अर्जी जरूर सुनते हैं। एकादशी का दिन श्याम भक्तों के लिए विशेष दिन होता है। दोपहर के विश्राम के बाद बाबा श्याम का द्वितीय अनुपम संध्या शृंगार किया गया। कोलकाता से मंगाए गए लाल गुलाब रजनीगंधा तुलसीदल पीला गेंदा गुलबहार की मोटी मोटी मालाओं से बाबा श्याम को अद्भुत रूप से सजाया गया।


