भास्कर न्यूज | लुधियाना हंबड़ा रोड स्थित जीआरडी अकादमी के क्रिकेट ग्राउंड में रविवार को स. अंगद सिंह मेमोरियल 11वां सीआईसीयू कॉरपोरेट टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक लीग मुकाबले खेले गए। दिन में दो मैच एचआरबीएल बनाम वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड और हाईवेरूप इंडस्ट्रीज़ बनाम मूनलाइट ऑटो प्रा. लि. टीमों के बीच हुए। पहले मैच में एचआरबीएल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। वर्धमान स्पेशल स्टील्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 236 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में एचआरबीएल की टीम वर्धमान के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और सिर्फ 12 ओवर में 65 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहा रिक्की शर्मा की तूफानी गेंदबाजी। उन्होंने 3 ओवर में केवल 7 रन देकर 7 विकेट झटके। उनकी इस घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख पल भर में बदल दिया। इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में हाईवेरूप इंडस्ट्रीज़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 114 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मूनलाइट ऑटो प्रा. लि. की टीम ने 18.5 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाकर मुकाबला 3 विकेट से जीत लिया। टीम के कपिल शर्मा ने गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दिया गेंदबाजी में 30 रन देकर 2 विकेट, बल्लेबाजी में 16 गेंदों पर 9 रन (1 चौका) उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। सीआईसीयू अध्यक्ष उपकार सिंह आहूजा ने खिलाड़ियों और मौजूद क्रिकेट प्रेमियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट अब भारत का असली राष्ट्रीय खेल बन चुका है और उद्योग जगत द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट युवाओं में अनुशासन, सीआईसीयू महासचिव हनी सेठी ने कहा कि लुधियाना में क्रिकेट हमेशा से बेहद लोकप्रिय रहा है और टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। लाइव मैच देखना खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए यादगार अनुभव होता है। मैचों के दौरान कई वरिष्ठ उद्योगपति और कंपनी प्रबंधन के सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने टीमों का हौसला बढ़ाया और आयोजन की तैयारियों की सराहना की।


