हॉन्गकॉन्ग के क्वॉरी बे में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर वर्ल्ड वॉर-2 का 1000 पाउंड (करीब 450 किलो) वजनी अमेरिकी बम मिला है। यह बम करीब 5 फीट लंबा था और जमीन में दबा हुआ मिला। यह इलाका रिहायशी और कमर्शियल इमारतों से घिरा हुआ है, जहां अचानक खतरे का माहौल बन गया। प्रशासन ने तुरंत इलाके के करीब 1900 घरों से लगभग 6 हजार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। विशेषज्ञों ने बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। दूसरे विश्व युद्ध को खत्म हुए लगभग 80 साल हो चुके हैं, लेकिन उसके अवशेष आज भी दुनिया के कई हिस्सों में खतरा बने हुए हैं।


