जोधपुर के लोकेंद्र सिंह आसोप वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो T20 लीग (गोवा) में स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच बने। पहली बार राजस्थान के किसी व्यक्ति को वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो T20 लीग जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग में स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच के रूप में नियुक्त किया गया है। यह हाई-प्रोफाइल लीग गोवा में 26 जनवरी से शुरू हो रही है, जिसमें भारत, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और न्यूज़ीलैंड की टीमों के दिग्गज खिलाड़ी खेलते हुए नज़र आएंगे। इस लीग को दुनिया की सबसे चर्चित लीजेंड्स क्रिकेट लीगों में गिना जा रहा है। वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो T20 लीग में क्रिकेट जगत के कई महान नाम मैदान पर उतरेंगे, जिनमें सुरेश रैना, शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, ड्वेन ब्रावो, चेतेश्वर पुजारा, इयोन मॉर्गन, नमन ओझा, पठान ब्रदर्स (इरफ़ान और यूसुफ), शेन वॉटसन, रॉबिन उथप्पा, डेल स्टेन और अंबाती रायडू जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। लोकेंद्र सिंह आसोप को इस लीग में राजस्थान लायंस टीम के साथ स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे राजस्थान अंडर-14 और अंडर-19 क्रिकेट टीमों के साथ कार्य कर चुके हैं और युवा खिलाड़ियों की फिटनेस, परफॉर्मेंस और इंजरी प्रिवेंशन में अहम भूमिका निभा चुके हैं। वर्तमान सत्र में वे राजस्थान अंडर-19 टीम के लिए स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग प्रोग्राम भी तैयार कर चुके हैं।


