उदयपुर जिले की भींडर नगर पालिका की बैठक गुरुवार दोपहर बाद हुई जो देर शाम तक चली। बैठक में वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी ने कहा- अधिकारी भीण्डर हॉस्पिटल की विवादित जमीन का अधिग्रहण करने के लिए प्रक्रिया शुरू करें। बैठक में पार्षदों ने जेतपुरा फर्जी पट्टों को निरस्त करने की भी मांग की। पालिका की करीब 3 वर्ष बाद बोर्ड बैठक पालिका सभागार में हुई। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला भोजावत ने की। बैठक में 25 में से 23 पार्षद उपस्थित रहे तो वहीं कांग्रेस की मोनिका साहु व ईश्वरलाल खटीक अनुपस्थित रहे। बैठक के दौरान कई मुद्दों पर पार्षदों के आक्रोशित होने पर विधायक उदयलाल डांगी ने एक-एक पार्षद की समस्या सुनने की बात करके सभी को शांत किया। बोर्ड बैठक में सबसे पहले विधायक निर्वाचित होने के बाद पहली बार नगर पालिका आने पर विधायक डांगी का स्वागत किया गया। सभी पार्षदों ने माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। बैठक में डांगी ने कहा- भीण्डर के विकास के लिए सभी एक होकर काम करें ताकि जनता ने जिस काम के लिए भेजा हैं वो काम करके दिखाएं। द्वेषतापूर्वक काम के बजाएं आमजन के लिए काम कैसे हो ये हमारी सोच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष में अब बोर्ड बैठक होना ही आप सभी की उदासीनता का नतीजा हैं जिससे भीण्डर का विकास रूका हैं अब हर तीन माह में बैठक करके काम करेंगे। बैठक में विधायक ने भीण्डर हॉस्पिटल की विवादित जमीन के अधिग्रहण का मुद्दा सामने रखा। जिस पर सभी पार्षदों ने सहमति व्यक्त करते हुए अधिग्रहण करने का प्रस्ताव तैयार करने की बात कहीं। इस पर विधायक डांगी ने अधिशाषी अधिकारी रमेश बहेड़िया को निर्देश दिये कि अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार करके सरकार को भेजा जाए ताकि जल्द स्वीकृति लाकर अधिग्रहण की कार्रवाई करके भीण्डर हॉस्पिटल को ये जमीन सौंपे। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही इस जमीन पर नियमित सफाई के लिए भी सफाई कर्मचारियों को पाबंध करने की बात कहीं, अगर इस जमीन पर गंदगी व्याप्त होगी तो तुरंत सफाई कर्मचारियों को भीण्डर पालिका से हटा दिया जाएगा। जेतपुरा के फर्जी पट्टों का मामला भी उठा
बैठक में भीण्डर नगर पालिका द्वारा जेतपुरा के जारी किये गये फर्जी पट्टों का मुद्दा उठा। जिस पर सभी पार्षदों ने निरस्त करने की मांग उठाई, इस पर जेतपुरा में भीण्डर नगर पालिका की जमीन पर दिए गये पट्टों की सूची मय पट्टों की प्रतिलिपि प्रत्येक पार्षद को देने का निर्णय किया। वहीं इन पट्टों को निरस्त करने के लिए कार्रवाई शुरू करने के लिए भी निर्देश दिये गये। वहीं इस जमीन में दिए गये पट्टों पर विचाराधीन निर्माण स्वीकृति की फाइलों को भी निरस्त करने का भी निर्णय किया गया। एकल पट्टों वाली कॉलोनियों में नहीं बनेगी सड़कें व नालियां
बोर्ड बैठक में रामेश्वर धाम व राणा प्रताप स्कूल के निकट स्थित कॉलोनी में सड़क व नालियां बनाने का प्रस्ताव पर बहस हुई। जिसमें तय किया गया कि नगर पालिका क्षेत्र में जो-जो कॉलोनियां एकल पट्टों पर बनी हुई हैं उनकी जांच करके उनके कॉलोनी विकसित करने वाले को नोटिस जारी करके वसूली की जाएगी। जब तक ये वसूली नहीं होगी तब तक एकल पट्टों वाली कॉलोनियों में किसी भी प्रकार की सड़क व नालियां नहीं बनाई जाएगी। प्रतिमा, संगठन व गोशाला की जमीन आवंटन जैसे मुद्दों के लिए कमेटी
बैठक में महाराणा प्रताप व शक्ति सिंह की मूर्ति, भगवान परशुराम जी की मूर्ति, जैन प्रतीक का स्टेच्यू लगाने व शान्तिनाथ चौक का नामकरण, स्व.गजेन्द्र सिंह शक्तावत की प्रतिमा सहित विभिन्न संगठन-समाज के लिए जमीन आवंटन की मांगों के लिए एक कमेटी बनाकर रिपोर्ट तैयार करना तय किया। वहीं कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर अगली बोर्ड बैठक में निर्णय करने पर सहमति बनी। वहीं गोशाला के लिए जमीन आवंटन या गोशाला निर्माण के लिए भी कमेटी बनाने पर सहमति बनी। इन पर भी हुई चर्चा ये उपस्थित रहे
बैठक में उपाध्यक्ष मगनीराम रेगर, नेता प्रतिपक्ष मुबिना बोहरा, पार्षद सलीम मोहम्मद, अली असगर बोहरा, शांतिलाल नागदा, राजमल नागदा, बिंदु कुंवर, ओमप्रकाश भोई, मोहन मीणा, लाली मीणा, जितेन्द्र साहु, सुमन लक्षकार, कल्पना व्यास, सुरेश कंठालिया, गोपाल चौबीसा, संगीता रेगर, पुष्पा सोनी, उमा कुंवर, अशोक सोनी, अब्दुल कादिर, लता चौबीसा गोवर्द्धन लाल भोई उपस्थित थे। इनपुट : अभिषेक श्रीमाली, कानोड़


