वसुंधरा-भाटी की दो घंटे एकांत वार्ता, भाटी को जयपुर आने के लिए कहा

पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे मंगलवार को मधुवन पहुँचीं। वहां उन्होंने पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी से दो घंटे बंद कमरे में बात की। बाद में फार्म हाउस देखा। सूत्र बताते हैं कि वार्ता के दौरान राजे ने भाटी से जयपुर आकर कुछ दिन ठहरकर काम करने के लिए कहा। दरअसल राजे एक दिन पहले ही खाजूवाला विधायक डॉ.विश्वनाथ मेघवाल के पुत्र के वैवाहिक समारोह में भाग लेने पहुंची थी। मंगलवार को वे मधुवन पहुंची। भाटी से वार्ता के दौरान राज्य में गोचर एवं ओरण भूमि पर हो रहे अतिक्रमण, खेजड़ी वृक्षों की अवैध कटाई तथा पर्यावरण संतुलन से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। भाटी ने राजे को सीमांत व ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक चारागाहों के संरक्षण से जुड़ी जमीनी समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इन मुद्दों को नीति स्तर पर मजबूती से उठाने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही आगामी पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा जनसंपर्क को सशक्त बनाने के विषय में भी चर्चा हुई। दोनों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय करते हुए जनहित के मुद्दों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ना आवश्यक है। राजे ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण एवं पारंपरिक जीवन-पद्धति की रक्षा भाजपा की प्राथमिकताओं में सदैव रही है और इन विषयों पर जनआंदोलन के रूप में सकारात्मक पहल की जानी चाहिए। इस मौके पर विधायक यूनुस ख़ान, पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका सहित तमाम लोग मौजूद थे। मिलने वालों ​का तांता भाजपा में वसुंधरा राजे का आज भी कार्यकर्ता और आमजनों के बीच बेहद जुड़ाव है। होटल से लेकर मधुवन तक राजे से मिलने वालों का तांता लगा रहा। हर कोई सेल्फी और उनसे मिलने के लिए आतुर रहा। हालांकि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की भीतरी गुटबाजी का असर भी देखा गया। कुछ नेताओं ने राजे से दूरी इसलिए बनाई क्योंकि वे मौजूदा सरकार की आंखों में नहीं खटकना चाहते मगर राजे ने डॉ.विश्वनाथ मेघवाल की शादी में आकर सभी को चौंका दिया था। बीकानेर की राजनीति में आज भी राजे का वर्चस्व है क्योंकि यहां के ज्यादातर नेता उनसे जुडे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *