झालावाड़ में नगर परिषद के नए भवन निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लगभग 13.5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली शहर की सड़कों का भी शिलान्यास किया। कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए राजे ने कहा कि पिछले 5 साल में 37 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल में कम समय में भी कार्यों को धरातल पर लाने के प्रयासों की सराहना की। राजे ने नगर परिषद और प्रशासनिक टीम की मेहनत की तारीफ की। ‘झालावाड़ का एयरपोर्ट बेहतर’
राजे ने झालावाड़ एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में कई संत महात्मा इस एयरपोर्ट पर उतरे, जिससे उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे शहरों की भीड़ के मुकाबले झालावाड़ का एयरपोर्ट बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद के नए भवन की आधारशिला भी रखी और शहर में बनने वाली सड़कों से विकास की गति बढ़ने की बात कही। 150 लोगों को बांटे पट्टे
कार्यक्रम के दौरान पिछले कई वर्षों से लंबित पड़े पट्टों का वितरण भी किया गया। कुल 150 लाभार्थियों को पट्टे और 5 मुख्यमंत्री आवास के दस्तावेज सौंपे गए। इस अवसर पर नगर परिषद के सभापति प्रदीप सिंह राजावत सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक छोटू सिंह रावणा ने भजन संध्या में सांवलिया सेठ, खाटूश्याम और देशभक्ति भजनों की प्रस्तुतियां दीं। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का स्वागत किया। पार्षद इनाम जफर ने आयोजन में सहयोग किया। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक चला। कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी अमित कुमार, एसडीएम अभिषेक चारण, डीएसपी हर्षराज सिंह खरेडा, रामपाटीदार, दिलीप प्रजापति, जयदीप सिंह झाला, ज्योति शर्मा, यतन यादव, सियाराम अग्रवाल, पार्षद राम कश्यप, अनिल सुमन, नगरपरिषद स्टाफ मौजूद रहे।


