गुप्त वृंदावन धाम में चल रहे 13वें पाटोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कृष्ण बलराम का आशीर्वाद लिया। मंदिर के उपाध्यक्ष अनंत शेष दास ने उनका स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने भगवान कृष्ण बलराम की महाआरती में भाग लिया। उन्होंने मंदिर में चल रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। इनमें बच्चों के लिए संस्कारशाला, गोसेवा और अक्षय पात्र जैसी सेवाएं शामिल हैं। राजे ने कल होने वाली रथयात्रा की तैयारियों का भी जायजा लिया। पांच दिवसीय पाटोत्सव के दूसरे दिन कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रील प्रभुपाद की जयपुर यात्रा पर आधारित नाटक ‘गुप्त वृन्दावन धाम का रहस्य’ का मंचन हुआ। इसके अलावा भरतनाट्यम और कथक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने डांस ड्रामा की प्रस्तुति दी।


