भास्कर न्यूज | अमृतसर 11 पंजाब बटालियन एनसीसी की ओर से गांव डल्ला राजपूतां में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम आयोजित किया गया। यह गांव अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 4 किलोमीटर और गुरुनगरी अमृतसर से लगभग 36 किलोमीटर दूर स्थित है। इस कार्यक्रम में 2 पीआई स्टाफ, 1 लस्कर, गांव के 25 स्थानीय छात्र, सरपंच और करीब 105 ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। आयोजन को गांववासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। ग्रामीणों ने एनसीसी स्टाफ और कैडेट्स की ओर से लोगों में जागरूकता फैलाने और देश के प्रति अपनापन बढ़ाने के प्रयासों की खुलकर सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम योजना के बारे में लोगों को जानकारी देना था। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच सीमा सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। एनसीसी कैडेट्स, स्थानीय ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों के बीच सामुदायिक जुड़ाव मजबूत करने की कोशिश की गई ताकि आपसी विश्वास और सहयोग बढ़ सके। युवाओं को अग्निवीर योजना के फायदे, खासकर इसमें मिलने वाले कौशल विकास और शिक्षा के अवसरों के बारे में बताया गया। साथ ही नशीली दवाओं के सेवन से होने वाले नुकसान पर भी चर्चा की गई और लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स को सीमावर्ती गांवों और सीमा चौकियों के बारे में प्रत्यक्ष अनुभव मिला। इस पहल में स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एनजीओ, राष्ट्रीय सेवा योजना और एनसीसी इकाइयों का भी सहयोग रहा, जिससे गांव में देश के प्रति अपनापन और एकता की भावना को और मजबूत किया गया।


