भास्कर न्यूज | अमृतसर एडिश्नल कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने सीवरेज विभाग के अफसरों को अवैध कनेक्शनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। वाटर-सीवरेज कनेक्शन रेगुलाइजेशन और पेंडिंग अमाउंट व सर्वेक्षण बारे रिपोर्ट तलब की। उन्होंने निर्देश दिया कि डिफाल्टरों को 3 दिन का नोटिस भेजें। नोटिस की मियाद खत्म होने पर जो लोग बकाया भुगतान न करें उनके कनेक्शन काट दें। उन्होंने बताया कि साल 2024-25 के दौरान वाटर-सीवरेज विभाग की कुल आमदनी 13 अगस्त तक 1.69 करोड़ थी, जो इस साल 2025-26 में बढ़कर 4.42 करोड़ हो गई है जो बीते वर्ष की तुलना में करीब 3 करोड़ ज्यादा है। वर्तमान में शहर में 1 लाख से अधिक अवैध पानी और सीवरेज कनेक्शन हैं। इसके अलावा पुराने बकाया भी लंबित हैं। एडिशनल कमिश्नर ने कहा कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रॉपर्टी टैक्स विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों में शिविर लगाएं ताकि लोगों को अवैध कनेक्शनों को नियमित कराने के लिए जागरूक किया जा सके। 14 अगस्त को सीवरेज-वाटर कनेक्शन को रेगुलाइज करने और रिकवरी बढ़ाने के लिए अहम मीटिंग होगी जिसमें संबंधित विभागों के अफसरों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। इस मौके पर असिस्टेंट कमिश्नर दलजीत सिंह, एक्सईएन भलिंदर सिंह, मनजीत सिंह, सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह व अन्य मौजूद रहे।


