अमृतसर | स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। शहर में 2 हजार मुलाजिमों को तैनात किया गया है और 63 स्पेशल नाके लगाकर चेकिंग की जा रही है। रात के समय 18 थानों के एसएचओ पुलिस टीम के साथ अपने-अपने इलाकों संबंधी गश्त करते हुए वाहनों को चेक कर रहे हैं। मंगलवार शाम 5 बजे बस स्टैंड में डीसीपी लॉ एंड आर्डर आलम विजय सिंह सीनियर पुलिस अधिकारियों के साथ पहुंचे और यात्रियों के सामानों की चेकिंग करते हुए संदिग्धों के नाम दर्ज किए। इसके अलावा शाम को गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने सिटी के नाकों का दौरा करके मुलाजिमों को ब्रीफ किया। इस मौके पर पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला। लॉरेंस चौक पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद है। वाहनों की भी चेकिंग की जा रही है। बता दें सिटी में स्वतंत्रता दिवस को लेकर कई तरह की धमकियां भी मिल चुकी हैं।


