आमेर रोड स्थित वायुसेना विद्यालय का वार्षिक खेलकूद दिवस समारोह मंगलवार को स्कूल के खेल मैदान में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि वायु सेना स्टेशन जयपुर के स्टेशन कमांडर ग्रुप कैप्टन डी धर और विशिष्ट अतिथि ग्रुप कैप्टन भावना मेहरा का स्कूल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर स्क्वाड्रन लीडर कुणाल और प्राचार्या सीमा भाटी ने हरित पौधा अर्पित कर स्वागत किया। समारोह में खेल प्रतियोगिताओं का प्रारंभ मुख्य अतिथि वायु सेना स्टेशन जयपुर के स्टेशन कमांडर ग्रुप कैप्टन डी धर और विशिष्ट अतिथि ग्रुप कैप्टन भावना मेहरा द्वारा खेल मशाल प्रज्जवलन – स्पोर्टस मीट ओपन की घोषणा और निरंतर उंचाइयों को छूने के प्रतीक गुब्बारे छोडने के साथ शुरु हुआ। इसके बाद खेलों में प्री प्राइमरी के छात्रों की गैट रेड्डी फोर स्कूल, छात्राओं की कोने और बाधा रेस, ब्रस्टिंग दा बैलून, जलेबी रेस, आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्कूल मीडिया प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के बीच में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन स्कूल के शारीरिक शिक्षक मनीष सैनी और शिक्षिका प्रमेश जांगिड़ की देखरेख में हुआ। अंत में प्राचार्या सीमा भाटी ने सभी आगन्तुकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।


