वाराणसी में युवक की मौत के बाद जौनपुर-हाईवे पर चक्काजाम:हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को चार घंटे हंगामा, 15 दिनों से BHU ट्रामा सेंटर में भर्ती था

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में 15 दिन पहले मारपीट में घायल हुए युवक ने रविवार रात बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। 15 दिनों से वह बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती था। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार शाम कठिरांव चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। जौनपुर मार्ग को लगभग 4 घंटे तक जाम रखा, इससे वाहनों की कतारें भी लग गई। घंटों कवायद के बाद मृतक के भाई संदीप की तहरीर पर ग्राम प्रधान राय साहब, रोहित, अरविंद और विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों के मुताबिक मनदीप सोनकर (22 वर्ष) एक फरवरी को बाइक से नोनारी बाजार स्थित सब्जी मंडी जा रहा था। नान्हूपुर के पास बुजुर्ग को बाइक से धक्का लग गया। जिससे उन्हें हल्की चोटें आई थी। इस पर प्रधान राय साहब और उनके समर्थकों ने मनदीप की बेरहमी से पिटाई कर दी। चार पांच मनबढ़ लड़के मिलकर बरही नेवादा नहर पुलिया के पास उसे जमकर पीटा जिससे गंभीर चोटें आईं। पिटाई से मंदीप को अंदरूनी चोटें लगी और इलाज के दौरान चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। 15 दिन से बीएचयू में इलाज चल रहा था, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो लोगों में आक्रोश फैल गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव कठिराव चौराहे पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। मृतक के परिजनों खासकर महिलाओं द्वारा डेड बॉडी पर लेटकर आरोपी के गिरफ्तारी तक जिद पर अड़ी रही और मौके पर जिलाधिकारी सहित प्रशाशनिक अधिकारी को बुलाने का मांग करते रहे। हालांकि एसीपी पिंडरा और थानाध्यक्ष फूलपुर ने लगातार लोगों को समझाने का प्रयास किया। कोई बड़ा अधिकारी नही पहुंचने से परिजनों में आक्रोश दिखा। देर रात तक भीड़ जुटी रही। घटना के एक हफ्ते तक पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर परिजनों ने सवाल उठाया। हालांकि कई घंटे की कवायद के बाद परिजन शव हटाने पर राजी हुई। संदीप की तहरीर पर ग्राम प्रधान राय साहब, रोहित, अरविंद और विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *