बालाघाट जिले की वारासिवनी पुलिस ने 2 जनवरी को विशाल उईके से हुई लूट के मामले में जिन चार आरोपियों अमन उर्फ लाला ब्रह्में, राहुल नागेश्वर, भूपेंद्र उर्फ आनंद बराड़े और सुरेंद्र चौधरी को गिरफ्तार किया है, उन पर विभिन्न थानों में 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं। सुरेन्द्र, अमन और राहुल पर 25 केस हैं, जिनसे अब पुलिस अन्य अपराधों के बारे में पूछताछ कर रही है। शुक्रवार को आरोपियों का जुलूस निकालने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। दरअसल, कटंगी थाने के तहत नहलेसर्रा निवासी विशाल उईके ने वारासिवनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह 10.30 बजे वह अपने मामा संतलाल मरावी के घर से वारासिवनी आ रहा था, तभी सावंगी सोसायटी के सामने रेलवे पटरी के पास बुदबुदा की तरफ से 4 लड़के आए। उन्होंने मारपीट कर 1050 रुपए और मोबाइल लूट लिए। थाना प्रभारी बीभेन्द्रु व्यंकट टांडिया ने बताया कि फरियादी ने बदमाशों का जो हुलिया बताया था। वह हाल ही में जेल से छूटे कुछ आरोपियों मैच कर रहा था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले गए तो 20 से ज्यादा चोरी और नकबजनी के केस मिले।


