भास्कर न्यूज| धमतरी बीते 17 मार्च को गोकुलपुर में युवक टिकेश्वर साहू की हत्या हो गई। इस घटना के बाद वार्डवासियों ने घटना की पुनरावृत्ति रोकने, बढ़ते अपराध और नशाखोरी को लेकर चिंता जताई। घंटेभर चली वार्डवासियों की बैठक में महिलाओं ने पूर्व की तरह महिला कमांडो के रूप में वार्ड भ्रमण करने का निर्णय लिया। गोकुलपुर वार्ड के गौरा चौरा के पास हुई बैठक में वार्ड पार्षद गजेन्द्र कंवर, रामेश्वर साहू, मुखी साहू, तुलसी ध्रुव, महेश साहू, भगवान सिंह यादव आदि ने गोकुलपुर में शराब की अवैध बिक्री पर चिंता जताई। नशापान के चलते होने वाली आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित महिलाओं ने बस्ती में बन रहे अराजकता माहौल से अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ ही वार्डवासियों ने सहभागिता निभानी की बात कही। बैठक में कमलेश ध्रुव, भूपेन्द्र साहू, विजय यादव, पुरूषोत्तम, पुष्पलता साहू, पार्वती साहू, दीपा साहू, सुंदरी यदु, ज्योति समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।


