भास्कर न्यूज|लुधियाना नगर निगम जोन-ए के तहत नानक नगर वार्ड-87 में अवैध कॉलोनियों और निर्माण कार्यों के खिलाफ स्थानीय निवासियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नानक नगर वेलफेयर सोसाइटी और मोहल्ले के निवासियों ने एकजुट होकर नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ रोष व्यक्त किया और इलाके को किसी भी अवैध निर्माण से बचाने की मांग की। प्रदर्शन का मुख्य कारण था क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जमीन का इस्तेमाल। नानक नगर के निवासी संजीव ठाकुर ने बताया कि एक 200 गज के प्लॉट पर पांच दुकानों का निर्माण किया जा रहा था, जिससे स्थानीय लोग नाराज थे। जब इसे देखा गया, तो इलाके के सभी लोग एकत्रित हो गए और विरोध करने लगे। वहीं जसपाल सिंह मनोता ने बताया कि 900 गज के एक अन्य प्लॉट पर अवैध मार्केट का निर्माण हो रहा था। उन्होंने कहा कि जब यह देखा गया तो सभी लोग मिलकर विरोध करने लगे और नगर निगम के अधिकारियों को इसकी शिकायत की। रमन गिल ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले ही सीवरेज की समस्या है और पानी की आपूर्ति भी कम है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में अवैध दुकानें और मार्केट्स नहीं बनने दी जाएंगी। वहीं, अशोक राणा ने आरोप लगाया कि नगर निगम के बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारी इस क्षेत्र को कमर्शियल बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उ न्होंने सवाल उठाया कि नगर निगम ने रेजिडेंशियल एरिया में 5 दुकानों के निर्माण के लिए एनओसी कैसे जारी कर दी। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि अगर इस इलाके में कोई भी अवैध निर्माण हुआ, तो वे सड़कों को जाम करेंगे और विरोध प्रदर्शन तेज कर देंगे। प्रदर्शन में किशन, हैप्पी पाठक, विकास, संजय कुमार, रवींद्र कुमार, लक्ष्मण कुमार, काली हीर समेत कई अन्य लोग भी शामिल हुए। वहीं, अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम के अधिकारी कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। वहीं, अवैध निर्माण को लेकर किसी भी जोन अधिकारी से बात करो तो जवाब लगभग सभी अधकारी के एक जैसे ही रहते हैं। कोई भी अधिकारी सही से जवाब नहीं देता। वहीं, जब नगर निगम-जोन-ए के एटीपी गुरविंदर सिंह लक्की से इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने भी बाकी अधिकारियों की तरह फोन का जवाब नहीं दिया। इसके बाद जब इंस्पेक्टर गुरप्रीत कौर से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि प्लॉट पर केवल 4 दीवारी का काम चल रहा था, जिसे तुरंत मौके पर जाकर रुकवा दिया गया।


