जिन क्षेत्रों में कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ पाती है, उन क्षेत्रों पर कांग्रेस ज्यादा फोकस करेगी। ऐसे क्षेत्रों में बीएलए की नियुक्ति, वार्ड व पंचायत कमेटी के गठन में भी संगठन की कमजोरी नजर आ रही है। इसलिए अब संबंधित क्षेत्रों पर कांग्रेस विशेष ध्यान देगी। संबंधित क्षेत्रों में बीएलए की नियुक्ति के साथ ही वार्ड या पंचायत कमेटियों का गठन करने का निर्देश दिया गया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार काे कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में समीक्षा के दाैरान यह बात सामने अाई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने सभी जिलाध्यक्षों काे निर्देश दिया कि जल्द से जल्द बीएलए की नियुक्ति का काम पूरा करने में सहयोग करें। साथ ही वार्ड एवं पंचायत कमेटियों के गठन का काम भी पूरा करें। जिलाध्यक्षों की बैठक में प्रदेश सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद, भूपेंद्र मारावी और प्रदेश अध्यक्ष केशव महताे कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और इरफान अंसारी भी थे। स्थापना दिवस काे खास बनाने का निर्देश
कांग्रेस जिलाध्यक्षों काे निर्देश दिया गया कि इस बार पार्टी के स्थापना दिवस काे खास बनाएं। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हर पंचायत और वार्ड स्तर पर स्थापना दिवस के अवसर पर 28 दिसंबर काे झंडा फहराएं। कार्यक्रम में आम लाेगाें और ग्रामीणों काे भी शामिल करें। के. राजू ने कहा कि जनवरी में सभी बीएलए को मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से ट्रेनिंग दी जाएगी। बैठक में बताया गया कि हर ग्राम पंचायत कमेटी 12 सदस्यों की होगी। व हीं नगर निकाय के 1100 वार्डों का गठन भी अंतिम चरण में है। हर माह प्रखंड एवं पंचायत की बैठक होगी। वहीं, 17 जनवरी के बाद सभी प्रखंड में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनता की समस्याओं के समाधान पर फोकस रहेगा। केंद्र सरकार ने पहले रोजगार छीना, अब गारंटी भी : के. राजू
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र माेदी सरकार ने पहले लाेगाें का रोजगार छीना और अब मनरेगा काे खत्म करके ग्रामीण जनता के रोजगार की गारंटी भी छीन ली। उन्होंने कहा कि कहा कि मनरेगा में ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, जो नए विधेयक में समाप्त कर दिया गया। किस गांव में काम होगा यह तय करने का अधिकार मजदूरों के हाथों में था, लेकिन अब इसे केंद्र सरकार तय करेगी। मनरेगा के तहत 90% फंड केंद्र सरकार देती थी, लेकिन अब सिर्फ 60% प्रतिशत राशि सिर्फ चुनिंदा क्षेत्रों में देगी। के. राजू शुक्रवार काे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बाेल रहे थे। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना को विश्व के देशों ने सराहा था। लेकिन, इसे समाप्त कर भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर कर दिया गया है। कांग्रेस 21 दिसंबर से जिला स्तर पर विरोध करेगी।
नेशनल हेराल्ड मामले में अदालत से मिला न्याय : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी को अदालत से न्याय मिला। सत्य की जीत हुई। प्रेस वार्ता में सह प्रभारी सीरीबेला प्रसाद, भूपेंद्र मारावी, सुबोधकांत सहाय,
बंधु तिर्की, शहजादा अनवर,
राकेश सिन्ह आदि मौजूद थे। बाबूलाल को कांग्रेस की बैठक का ऑडियो कहां से मिला
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दाैरान बाबूलाल मरांडी द्वारा कांग्रेस की बैठक के ऑडियो की जांच का मामला उठाए जाने के मामले में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने नेता प्रतिपक्ष काे घेरा है। के. राजू ने कहा कि बाबूलाल से कांग्रेस पूछेगी कि उन्हें पार्टी की बैठक का ऑडियो कहां से मिला। वहीं, एक सवाल के जवाब में कहा कि निचले स्तर की सभी कमेटियों के गठन का कार्य पूरा करने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन किया जाएगा।


