भास्कर न्यूज | राजनांदगांव म्यूनिसिपल स्कूल में खेले जा रहे सांसद कप क्रिकेट स्पर्धा में शुक्रवार को पहले मुकाबले में वार्ड 40 की टीम 8 ओवर में 46 रन पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए वार्ड 12 ने मात्र 2.5 ओवर में 50 रन बनाकर 1 विकेट के नुकसान पर मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। दूसरे मुकाबले में वार्ड 11 ने 8 ओवर में 3 विकेट खोकर 108 रन बनाए। जवाब में वार्ड 41 की टीम 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 44 रनों पर सिमट गई। वार्ड 11 की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की बदौलत यह मुकाबला 64 रनों से अपने नाम किया। तीसरे मुकाबले में वार्ड 39 की टीम 8 ओवर में 38 रनों पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए वार्ड 13 ने 3.2 ओवर में 39 रन बनाकर 9 विकेट से जीत दर्ज की। सबसे रोमांचक मुकाबला वार्ड 37 और वार्ड 15 के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वार्ड 37 ने 8 ओवर में 59 रन 7 विकेट के नुकसान पर बनाए। जवाब में वार्ड 15 की टीम 8 ओवर में 8 विकेट गंवाते हुए 58 रन ही बना सकी। वार्ड 37 ने मुकाबला मात्र 1 रन से जीत लिया। इस रोमांचक और हाई वोल्टेज मुकाबले ने दर्शकों को मैच से आखरी तक बांधे रखा। शानदार बल्लेबाजी से दर्शक रोमांचित प्रतियोगिता में म्यूनिसिपल स्कूल मैदान में रात्रि कालीन फ्लड लाइट सांसद कप क्रिकेट स्पर्धा इन दिनों खेल, उत्साह और सामाजिक सहभागिता का बड़ा केंद्र बनी हुई है। ठंड के बीच मैदान में क्रिकेट प्रेमी दर्शक देर रात तक मैच का आनंद ले रहें है। मैच के दौरान भाजपा नेता भरत वर्मा, समाजसेवी सुनील बरडिया एवं विनोद डढढा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया एवं उनका उत्साहवर्धन कर आयोजन की सराहना की। इसी दौरान मंच पर ऋषि देव चौधरी का जन्मदिन मनाया गया। सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से कराई जा रही प्रतियोगिता: हरीश रात्रिकालीन फ्लड लाइट सांसद कप के आयोजक हरीश शर्मा एवं अतुल रायजादा ने बताया कि यह स्पर्धा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से कराई जा रही है। अभी ठंड ज्यादा होने के बाद भी म्युनिसिपल ग्राउंड में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर रन, चौके और विकेट पर तालियों की गूंज हो रही है। आयोजन समिति से जुड़े मुकेश शर्मा, हाफिज खान, अरविंद बैद एवं रमेश सोनवानी ने कहा ऐसे आयोजन सकारात्मक दिशा, स्वस्थ स्पर्धा, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते है।


