लुधियाना| साउथ हलके के वार्ड नंबर 36, बापू मार्केट रोड पर सीवरेज समस्या को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि यहां वाटर सप्लाई पाइप के साथ ही सीवरेज पाइप लाइन का कनेक्शन जोड़ दिया गया है, जो सीधे तौर पर लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इस मामले को लेकर साउथ हलका कांग्रेस इंचार्ज ईश्वर जोत सिंह चीमा ने नगर निगम अधिकारियों और ठेकेदारों पर तीखा हमला बोला है। ईश्वर जोत सिंह चीमा ने कहा कि यदि वाटर सप्लाई और सीवरेज लाइन को इतनी नजदीक जोड़ा जाता है, तो भविष्य में सीवरेज का पानी पीने के पानी में मिक्स होने का खतरा बना रहेगा। “कानून के अनुसार वाटर सप्लाई और सीवरेज लाइन के बीच कम से कम पांच फीट का अंतर होना चाहिए, लेकिन यहां नियमों को ताक पर रखकर लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीवरेज के लिए बनाई जा रही हौदी में घटिया क्वालिटी की ईंटों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह साफ है कि काम में भारी लापरवाही बरती जा रही है। चीमा ने कहा कि इस हलके में पहले भी बच्चों की जान इंफेक्शन से जा चुकी है, इसके बावजूद निगम और ठेकेदार कोई सबक नहीं ले रहे। उन्होंने मांग की कि सभी सीवरेज कनेक्शनों की तुरंत जांच करवाई जाए और जो कनेक्शन गलत तरीके से वाटर सप्लाई पाइप के साथ जोड़े गए हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो मामला और गंभीर हो सकता है। वहीं इस पूरे मामले पर जब नगर निगम के जूनियर इंजीनियर अवनीत से संपर्क किया गया, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि जिस सीवरेज कनेक्शन की बात की जा रही है, वह नगर निगम का सरकारी कनेक्शन नहीं है। “यह कनेक्शन किसी प्राइवेट कॉलोनी डेवलपर द्वारा डाला गया है। पहले इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन जांच में यह सामने आया है। जेई अवनीत के अनुसार आसपास के लोगों को एक सप्ताह का समय दिया गया है ताकि वे अपने कनेक्शन सरकारी सीवरेज लाइन से जोड़ सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि “यदि तय समय में कनेक्शन सही नहीं किए गए, तो प्राइवेट सीवरेज लाइन को बंद कर दिया जाएगा।


