जनप्रतिनिधि कैसे मस्त और जनता कैसे त्रस्त रहती है, इसका उदाहरण शुक्रवार को देखने को मिला। वार्ड 40 के गोयल विहार में सड़कों का पैचवर्क होना है। ठेकेदार की तैयारी देख रहवासी खुश हो गए कि अब उनके घर के सामने की सड़क ठीक हो जाएगी। रहवासी तब दंग रह गए, जब देखा कि ठेकेदार ने उनकी गलियों को छोड़ सबसे पहले पार्षद की गली का पैचवर्क किया। जब लोगों ने ठेकेदार से पूछा कि उनकी गलियों में काम क्यों नहीं हुआ तो ठेकेदार ने दो टूक कह दिया कि बस इतना ही काम करने का ऑर्डर था। इस बात पर रहवासी नाराज हो गए। पूरी कॉलोनी का मटेरियल सिंगल सड़क पर लगाया
इस कॉलोनी में 700 मकान हैं। करीब 15 गलियां हैं। काम शुरू हुआ तो रहवासियों को लगा कि उनकी गलियों का भी पैचवर्क होगा। जब ठेकेदार और जोन के इंजीनियर से बात की तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। रहवासी बोले कि सारा मटेरियल एक ही सड़क पर लगा दिया है। हमारे यहां की सड़कों का काम कैसे करेंगे, तब भी कोई जवाब नहीं मिला। यह पॉश कॉलोनी है, लेकिन सड़कें जर्जर हैं। पार्षद के घर के सामने की सड़क तो पूरी बन गई है, लेकिन बाकी जगहों के गड्ढे जस के तस हैं। इसी बात पर रहवासी बिफर गए। दो-तीन अन्य जगह पर छुटपुट पैचवर्क हुआ है। लोगों ने इंजीनियर के सामने भी सवाल उठाया कि पूरी कॉलोनी के लिए आया मटेरियल एक सिंगल सड़क पर क्यों लगा दिया।
पैचवर्क नहीं, नई सीमेंटेड सड़क ही बनवाएंगे : पार्षद
इस बारे में वार्ड 40 के पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार का कहना है, शुक्रवार को ही काम शुरू हुआ था। शाम को बारिश हो गई। इस कारण काम नहीं हो पाया। ढाई साल के कार्यकाल में मेरे घर के बाहर न तो कोई सड़क का टुकड़ा बनवाया है और न ही पेवर लगवाने का काम किया है। जिन गलियों की बात बताई जा रही है, वह बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हैं। वहां नई सीमेंटेड सड़क बनाई जाएगी। 15-20 दिन में वहां भी काम शुरू होने जा रहा है। हमारे यहां नई सड़क नहीं बनी है। जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां काम करवाया जाएगा।


