बलौदाबाज़ार| शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डमरू में विगत दिनों वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजा एवं वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और लोकनृत्य की मनमोहक झलक ने दर्शकों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखा, वहीं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत कर दी। युगल नृत्य और सामूहिक नृत्य की सशक्त प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन करते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की कामना की।


