भरतपुर से 12 जनवरी को प्रारंभ हुई वाल्मीकि समाज की जन चेतना रथ यात्रा शुक्रवार को धौलपुर पहुंची। वंचित वर्ग आरक्षण उप वर्गीकरण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विकास नरवार के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली गई। यात्रा का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित वर्ग में उपजाति सर्वे की मांग को लेकर जनजागरूकता फैलाना है। धौलपुर में वाल्मीकि समाज और वंचित वर्ग समिति के सदस्यों ने रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। मुख्य बाजार में जयघोष के साथ चेतना यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान समिति ने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में प्रमुख रूप से प्रदेश स्तर पर कमेटी गठित कर उपजाति सर्वे कराने और तीन माह के भीतर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की पालना करते हुए आरक्षण दिलाने की मांग प्रमुख है। एडीएम ने संघर्ष समिति की मांगों को प्रदेश सरकार और विभागीय उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में दुर्गा प्रसाद करोसिया (अध्यक्ष वंचित वर्ग संघर्ष समिति), शिवराम पथरौल (संयोजक), प्रदीप भारती (मंत्री), राम प्रकाश चौधरी (कोषाध्यक्ष), मोहन सिंह थनवार, सुनील नरवार, रमेश चंद साहू, श्री किशन करोसिया, रघुवीर सिंह सहित वाल्मीकि समाज के अनेक प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।


