टिब्बा रोड स्थित राम नगर इलाके में देर रात चोरों ने घरों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बना लिया। अज्ञात युवकों ने दो पिकअप वाहनों से तीन टायर चोरी कर लिए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे बाइक पर सवार दो युवक गली में पहुंचे। पहले दोनों ने कुछ देर तक इधर-उधर घूमकर जायजा लिया। इसके बाद बाइक रोककर एक युवक नीचे उतरा और कुछ ही मिनटों में पिकअप वाहनों के टायर खोल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित आकाश ने बताया कि चोर एक पिकअप वाहन से दो टायर और दूसरी गाड़ी से एक टायर चोरी कर ले गए। सुबह जब वह रोजाना की तरह काम पर जाने के लिए बाहर निकले तो देखा कि दोनों वाहन ईंटों के सहारे खड़े थे और टायर गायब थे। यह देखकर वह हैरान रह गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना टिब्बा की पुलिस को दे दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।


