फिरोजपुर रोड स्थित डॉ. शाम सिंह रोड पर दिनदहाड़े सुबह 11.50 से दोपहर 12.30 बजे के बीच चोरी की बड़ी वारदात की गई। चोर की पूरी हरकत पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक युवक मास्क लगाकर काफी देर तक मकान के बाहर घूमता नजर आ रहा है। वह आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा और मौका मिलते ही घर में छलांग लगाकर दाखिल हो गया। पीड़ित चंदना राय ने बताया कि सुबह के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। माता जी गुरुद्वारे गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजा आधा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। उसमें रखे सोने के गहने गायब था। परिवार ने बताया कि महज 2-3 दिन पहले ही बैंक लॉकर से सोना निकलवाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसकी जानकारी किसी तरह चोरों तक पहुंच गई और उन्होंने इसी आधार पर वारदात को अंजाम दिया। फ़िलहाल कितने गहनों की चोरी हुई है। इसके बारे में अभी नहीं बताया जा सकता। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा युवक करीब 20 से 25 साल का प्रतीत हो रहा है। उसने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। पहले वह घर के बाहर सिगरेट पीता नजर आया और हाथ में पान जैसी कोई चीज पकड़े हुए था। इसके बाद उसने आसपास की रेकी की और फिर छलांग लगाकर घर में घुस गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन-5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


