लुधियाना| मॉडल टाउन ट्यूशन मार्केट स्थित प्राइम इमिग्रेशन सेंटर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वीजा फाइल को लेकर आए लोगों ने सेंटर के अंदर जमकर हंगामा किया। सेंटर में वीजा काउंसलर के तौर पर काम कर रही 23 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट की गई और कपड़े फाड़ दिए गए, जिससे उसकी गरिमा को ठेस पहुंची। पीड़िता के अनुसार यह घटना 22 जनवरी की है। उस समय वह अपने ऑफिस में मौजूद थी और ऑफिस मालिक साहिल अरोड़ा भी वहीं थे। इसी दौरान सरबजीत सिंह और लखविंदर कौर वीजा फाइल से संबंधित बातचीत के लिए सेंटर पहुंचे। बातचीत के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया और दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता ने बताया कि कुछ देर बाद दिलजान और सुखमनजीत नाम के दो अन्य लोग भी वहां पहुंच गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। जब ऑफिस मालिक ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपियों ने अपने कुछ अन्य अज्ञात साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर ऑफिस के अंदर मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता जब खुद को बचाने के लिए बाहर की ओर भागी, तो आरोपियों ने उसके कपड़े खींचकर फाड़ दिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर लखविंदर कौर, सरबजीत सिंह, दिलजान और सुखमनजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी जगजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


