सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। गणेशगंज के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही लखनादौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक बाइक से लखनादौन से छपारा की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। उसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। लखनादौन थाना प्रभारी कीरत प्रसाद धुर्वे ने बताया कि पुलिस को गणेशगंज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो लखनादौन थाना पुलिस को सूचित करें।


