भास्कर न्यूज | पटना / बैकुंठपुर कोरिया जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता अभियान का आयोजन लगातार जारी है। शनिवार को पांडवपारा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में एसपी रवि कुमार कुर्रे के मुख्य आतिथ्य में छात्रों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर ठगी और यातायात नियमों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इससे पहले मार्गदर्शन संस्थान शिक्षा कालेज में भी इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें छात्रों को एसपी द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। एसपी रवि कुमार कुर्रे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं, जहां से अपने भविष्य की दिशा तय होती है। उन्होंने सजग, सचेत और अनुशासित रहने का महत्व बताया और कहा कि लक्ष्य तय करना, समय का सही प्रबंधन करना तथा कठिन परिश्रम करना सफलता की कुंजी है। नशामुक्ति पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि नशा विनाश का कारण है और इसे किसी भी रूप में अपनाना ठीक नहीं। उन्होंने कहा कि यदि परिवार या आसपास कोई व्यक्ति नशे का शिकार है तो उसे सही रास्ते पर लाने का प्रयास करें। साथ ही अवैध नशीले पदार्थों के विक्रय की सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया और आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एसपी ने साइबर अपराधों से सावधान रहने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन दिनों अपराध का नया रूप साइबर अपराध के नाम से सामने आया है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करने, अनजान लोगों से बातचीत या फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करने, अननोन लिंक या फर्जी ई-मेल व लॉटरी विज्ञापनों से दूर रहने की चेतावनी दी। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक बीरबल राजवाड़े ने राहगीर योजना और गुड समैरिटन से संबंधित जानकारी दी। वहीं हवलदार महेश मिश्रा ने मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं, जुर्माने, लाइसेंस प्रक्रिया, सड़क दुर्घटनाओं के कारण व दायित्वों पर जानकारी दी। अंत में सभी छात्रों ने यातायात नियमों के पालन की शपथ ली। एसपी ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएं अत्यंत कष्टदायक होती हैं, जिन्हें रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। उन्होंने नाबालिगों को वाहन न चलाने तथा सभी को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर मार्गदर्शन संस्था के संस्थापक निगमेंद्र प्रताप सिंह, प्राचार्य अर्पणा सिंह, डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य पोषण लाल वर्मा समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


