भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिले में सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त के निर्देशानुसार शुक्रवार को नया समाहरणालय के पास विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं को कम करना था। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा टीम, ट्रैफिक इंचार्ज कृष्ण कुमार गुप्ता एवं उनकी टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही। टीम ने सड़क पर चल रहे सभी दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे हमेशा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की याद दिलाई गई। जांच के दौरान कुल 21 वाहनों पर 35 हजार रुपए का चालान काटा गया। इससे यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी पर प्रशासन कोई छूट नहीं देगा। उपायुक्त ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि सुरक्षा को गंभीरता से लें और नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सभी सुरक्षित रहें।


