भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। एसपी रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य हेलमेट और सीट बेल्ट की महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था। रैली का शुभारंभ सिटी कोतवाली परिसर से हुआ। पुलिसकर्मियों और स्कूली बच्चों के साथ यह रैली नगर के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों से गुजरी। रैली में शामिल बच्चे यातायात नियमों का पालन करें-सुरक्षित रहें और आपकी सुरक्षा-आपकी जिम्मेदारी जैसे नारों वाली तख्तियां लेकर चल रहे थे, जो राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे थे। कार्यक्रम के दौरान एसपी रत्ना सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा की जाने वाली वाहनों की चेकिंग कोई टास्क या टारगेट नहीं है, बल्कि इसका एकमात्र उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों को केवल कानूनी बाध्यता न समझें, बल्कि इसे अपने जीवन की सुरक्षा के लिए अपनाएं। एसपी ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि अब आम नागरिक भी शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने में मदद कर सकते हैं। एम-परिवहन एप के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायत की जा सकती है। इसमें शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। रैली के दौरान पुलिस टीम ने कई स्थानों पर बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें फूल और समझाइश दी।


