सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया, कुर्रे ने कहा- चालान काटना नहीं, जान बचाना लक्ष्य

बैकुंठपुर | राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत कोरिया जिला मुख्यालय के कुमार चौक पर रविवार को एक अनूठा नजारा देखने को मिला। यातायात पुलिस ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एरोबिक्स को माध्यम बनाया। भारत सरकार के निर्देश पर 1 जनवरी से जारी इस अभियान के चौथे दिन संगीत की धुन और कसरत के जरिए लोगों को यातायात नियमों की महत्व समझाया। कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और एसपी रवि कुमार कुर्रे विशेष रूप से उपस्थित रहे। एएसपी सुरेशा चौबे के निर्देशन में आयोजित इस सत्र में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित भी किया गया। जागरूकता के साथ-साथ पुलिस अफसरों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आत्मरक्षा के लिए फ्री हैंड चाकू से बचाव के गुर भी सिखाए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों को सीमित गति में वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग न करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने की शपथ दिलाई गई। एसपी रवि कुमार कुर्रे ने स्पष्ट किया कि “सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की अनमोल जान बचाना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग और तेज रफ्तार दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। अब परिवहन और पुलिस विभाग मिलकर ओवर-स्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई करेंगे। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों को जीवन का हिस्सा बनाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *