विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाकर लौटे विकास रथ:राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर योजनाओं का किया प्रचार प्रसार

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास रथ पुनः ब्यावर पहुंचे। ये रथ 13 दिसंबर को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, ब्यावर से रवाना हुए थे और विभिन्न ग्राम पंचायतों से होते हुए पुन: शाम को ब्यावर आए। नगर परिषद ब्यावर द्वारा चांग गेट पर एक कार्यक्रम आयोजित कर इनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक शंकर सिंह रावत, पूर्व सभापति नरेश कनौजिया सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विकास रथों का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। विधायक शंकर सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार ने दो वर्षों के कार्यकाल में पूर्ववर्ती सरकारों के पांच वर्षों के बराबर कार्य किया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे विकास रथों के माध्यम से प्रचारित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। पूर्व सभापति नरेश कनौजिया ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किसान, युवा, महिला और जरूरतमंद वर्गों के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लक्ष्य समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। नागरिकों ने विकास रथों का स्वागत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *