लुधियाना| विक्टोरिया एंकलेव में 15 दिसंबर की देर रात वेटर के साथ 6 लोगों ने मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना पीएयू की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी अमरीक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ऋषि सिंह, सनी कुमार, अक्षय कुमार, युवराज सिंह, राहुल और अदिश कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी मोहल्ला प्रताप सिंह वाला के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 8 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद किए हैं। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि पीड़ित व्यक्ति जब केनाल रोड की तरफ जा रहा था, तभी आरोपी अपनी बाइक पर आए। आरोपियों ने पहले पीड़ित के साथ मारपीट की, फिर उसे घायल कर उसके पास से रुपए और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच पूरी कर ली है, और अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


