जशपुरनगर | भाजयुमो ने विजय आदित्य सिंह जूदेव को जशपुर का जिलाध्यक्ष घोषित किया है। इसके साथ ही गोपाल कश्यप और राजा सोनी को जिला महामंत्री बनाया गया। पदाधिकारियों की घोषणा होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्सव मनाया और अपने युवा नेता का राजधानी रायपुर से लौटने पर जोरदार स्वागत करने की तैयारी शुरू कर दी। विजय आदित्य सिंह जशपुर राज परिवार के सदस्य हैं और पार्टी संगठन के पुनर्गठन के दौरान युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे। उनके नाम पर अंतिम मुहर पार्टी नेतृत्व ने उनके युवा कार्यकर्ताओं और जनता से जुड़ाव को देखते हुए लगाई। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पार्टी अध्यक्ष किरण सिंह देव और भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल योगराज टिकरीहा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना और जिला स्तर पर युवा कार्यकर्ताओं को एकजुट और सक्रिय करना होगा।


