विदिशा में नगर पालिका कर्मचारी डीजल चुराते पकड़ाया:कचरा वाहन से की चोरी, अब तक नहीं हुई FIR, नेता प्रतिपक्ष बोले-ऊपर तक भ्रष्टाचार

विदिशा शहर में नगर पालिका के एक कर्मचारी द्वारा कचरा वाहन से डीजल चोरी करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आया है। वीडियो में नपा कर्मचारी को चोरी करते साफ देखा जा सकता है। कर्मचारी नगर पालिका का कचरा वाहन चालक है, उसने पाइप लगाकर वाहन के डीजल टैंक से डीजल निकाला। यह वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो में कर्मचारी बिना किसी डर के डीजल निकालता नजर आ रहा है, जिससे नगर पालिका की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि नगर पालिका में डीजल चोरी का यह पहला मामला नहीं है। पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन समय पर सख्त कार्रवाई न होने के कारण ऐसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। डीजल चोरी से नगर पालिका को सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है, जो अंततः जनता के पैसे की बर्बादी है। नेता प्रतिपक्ष बोले- नपा में ऊपर तक फैला भ्रष्टाचार नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष आशीष माहेश्वरी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों को सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका में भ्रष्टाचार ऊपर तक फैला हुआ है और न तो अधिकारी और न ही जनप्रतिनिधि इस पर प्रभावी निगरानी कर रहे हैं। नपा अधिकारी बोले एफआईआर की जाएगी वहीं नगर पालिका अधिकारी दुर्गेश ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं और संबंधित शाखा प्रभारी को एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजल चोरी में शामिल कर्मचारी से वसूली भी की जाएगी। शहर में 36 कचरा वाहन
नगर पालिका अधिकारी ने जानकारी दी कि विदिशा शहर में कुल 36 कचरा वाहन नियमित रूप से वार्डों में कचरा संग्रहण का कार्य करते हैं। प्रत्येक वाहन में प्रतिदिन लगभग 5 लीटर डीजल डाला जाता है। एक कचरा वाहन करीब तीन घंटे में पूरा वार्ड कवर करता है। इसके अलावा नगर पालिका के चार डंपर वाहन भी कचरा ढोने के काम में लगे हुए हैं। डीजल चोरी के मामले में आरोपी कर्मचारी का नाम चंदन सिंह बताया गया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और सेवा से बाहर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन इस तरह की घटनाओं पर कितनी सख्ती दिखाता है, या फिर यह मामला भी पहले की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *