विदिशा में सिविल लाइन पुलिस ने एक सूने मकान में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹30 लाख 60 हजार मूल्य की सोने-चांदी की ज्वेलरी, नकदी और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। यह चोरी की वारदात विदिशा के एसएटीआई कॉलेज के सामने स्थित राजेंद्र श्रीवास्तव के मकान में हुई थी। फरियादी राजेंद्र श्रीवास्तव ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि चोरों ने उनके घर से लाखों रुपए की ज्वेलरी और नकदी चुरा ली थी। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 160 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की और फिंगरप्रिंट व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरोह की पहचान की। तकनीकी साक्ष्य और फील्डिंग के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने बैतूल के प्रवीण लांजीवर, रायसेन के सतीश परमार और प्रांजल चौहान, तथा छिंदवाड़ा के मोहम्मद काशिफ को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,43,500 रुपए नकद, सोने के 4 कंगन, सोने की 1 चेन सहित कुल 30 से अधिक सोने-चांदी के आइटम बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 30,60,000 रुपए है। पुलिस अधीक्षक रोहित कसवानी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


