विदिशा में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। एक हजार से ज्यादा वाहनों की जांच की गई इस अभियान में 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक 1093 वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 4,14,700 रुपए का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया और उन्हें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट बांधने, नंबर प्लेट लगाने, मॉडिफाइड साइलैंसर का उपयोग नहीं करने और काली फिल्म नहीं लगाने के लिए समझाया। इस अभियान के दौरान सरकार की ओर से चलाई जा रही गुड सेमरिटन योजना के बारे में भी जागरूकता फैलाई गई। जिसका उद्देश्य यातायात दुर्घटनाओं में मदद करना है।


