विदिशा के कोतवाली थाना परिसर में गुरुवार को 168 जब्त और लावारिस दोपहिया वाहनों की खुली नीलामी हुई। नीलामी दोपहर 3 बजे शुरू होकर रात 9 बजे तक करीब 6 घंटे चली। इसमें करीब 150 वाहन बिके और कुल मिलाकर लगभग 9 लाख रुपए का राजस्व मिला। नीलामी में वाहनों की बोली 1000 रुपए से शुरू हुई। अलग-अलग मॉडलों के लिए सरकारी दरें तय थीं और अधिकतम रेट 4500 रुपए रखा गया था। अपराधों में जब्त और लावारिस हालत में मिले थे वाहन थाना परिसर में खड़े ये दोपहिया वाहन कई सालों से खुले में रखे थे। इनमें ज्यादातर वाहन अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए थे। कुछ बाइक लावारिस मिली थीं, जिनके मालिकों का कोई पता नहीं चल सका। लंबे समय तक खड़े रहने से कई वाहन कंडम हालत में पहुंच चुके थे। नीलामी के बाद थाना परिसर में जगह खाली हुई थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि नीलामी के बाद परिसर में काफी जगह खाली हो गई है। पहले वाहनों की वजह से साफ-सफाई और व्यवस्था में दिक्कत आती थी। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ जगह बनी, बल्कि अच्छी आमदनी भी हुई। प्लेटिना, स्प्लेंडर और स्टार सिटी के तय थे अलग रेट नीलामी में प्लेटिना बाइक की बोली 1000 रुपए से शुरू हुई। हीरो स्प्लेंडर प्लस का रेट 1500 रुपए और टीवीएस स्टार सिटी का रेट 2000 से 3500 रुपए तय किया गया था। पुरानी मॉडल की एसडी बाइक 42 हजार रुपए में बिकी, जबकि यामाहा आरएस-100 बाइक 20 हजार रुपए में नीलाम हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ वाहनों पर आपत्ति आने के कारण उनकी नीलामी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि खुली बोली इसलिए रखी गई, ताकि लोग कम कीमत पर वाहन खरीद सकें और ज्यादा आमदनी हो सके। आसपास के जिलों से पहुंचे खरीदार, दिनभर रही भीड़ नीलामी में विदिशा और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दिनभर थाना परिसर में बाइक खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। नीलामी में शामिल लोगों का कहना है कि जिले के दूसरे थानों में भी लंबे समय से खड़े वाहनों की नीलामी होनी चाहिए, ताकि थानों में जगह बने और व्यवस्था सुधरे।


