विदेशी गोल्ड के ब्रांड नाम पर धोखाधड़ी:100 प्रतिशत शुद्ध बिस्किट में सिर्फ 96 फीसदी ही सोना, 10 में से 5 की जांच में खोट मिला

सोने का बिस्किट! इसे 100 फीसदी शुद्ध मानकर लोग खरीदते हैं, लेकिन इसमें भी मिलावट का बड़ा खुलासा हुआ है। सर्राफा कमेटी और दैनिक भास्कर ने शुद्ध सोने के बिस्किट की जांच कराई तो इसमें 96% से 98% तक ही सोना मिला। जांच में सोने में 3-4 फीसदी इरिडियम और रूथेनियम पाउडर की मिलावट पाई गई है। सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने माणक चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि जयपुर में गलन का काम करने वाले कई व्यवसायी विदेशी कंपनियों के नाम का ठप्पा लगाकर कम शुद्धता वाले 100 ग्राम के सोने के बिस्किट बाजार में बेच रहे हैं। दूसरी ओर, सोने की शुद्धता जांचने वाले एक सेंटर संचालक का कहना है कि 100 ग्राम के 50 फीसदी बिस्किट में कम कीमत वाले इरिडियम और रूथेनियम पाउडर की मिलावट की जा रही है। यह धोखाधड़ी इतनी बारीक है कि हॉलमार्किंग में भी पकड़ में नहीं आ रही है। इरिडियम और रूथेनियम प्लेटिनम समूह की धातुओं में आते हैं। गौरतलब है कि इरिडियम का मूल्य 1,000 और रूथेनियम की कीमत 300 रुपए प्रति ग्राम से शुरू होती है, जबकि 24 कैरेट सोने की कीमत 13,000 रुपए प्रति ग्राम के करीब है। 2 से 3% सोने में मिलाने पर यह शुद्ध सोने जैसा हो जाता है। भास्कर और सर्राफा कमेटी की जांच में मिलावट का खुलासा सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी, जयपुर के अध्यक्ष कैलाश मित्तल का कहना है कि उनके पास एक ग्राहक ने 100 ग्राम के बिस्किट में सोना कम होने की शिकायत की थी। उस बिस्किट की दो जगह जांच कराई गई तो सोना 96 से 98 फीसदी के बीच ही निकला। यह बिस्किट जय अग्रवाल ने बेचा था। कमेटी ने जब अपने स्तर पर पड़ताल की तो सामने आया कि यह बिस्किट मारुति बुलियन के संचालक वैभव ने बेचा था। गौरतलब है कि वैभव पहले भी सोना तस्करी के अपराध में जेल जा चुका है। हालांकि, वैभव का कहना है कि उसने यह बिस्किट अग्रसेन मार्केट स्थित बिंदल ज्वैलर्स से खरीदा था। जयपुर में बन रहे ऐसे बिस्किटों की जांच की जा रही जयपुर में मेहंदी के चौक, झोटवाड़ा और चौड़ा रास्ता स्थित नमकीन वालों की गली में कम शुद्धता वाले सोने के बिस्किट बनाए जा रहे हैं। इसे लेकर जांच की जा रही है। विदेशी ब्रांड के नाम पर की जा रही धोखाधड़ी 100 ग्राम के सोने के बिस्किट पर स्विट्जरलैंड और लंदन की नामी गोल्ड रिफाइनरियों के लोगो और सीरियल नंबर ठप्पा लगाकर निवेशकों और ज्वैलर्स के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। 100 ग्राम सोने की खरीद पर 36 हजार रुपए का नुकसान सोने की कीमत 13,000 रुपए प्रति ग्राम है। 100 ग्राम सोने की कीमत 13 लाख होगी। यदि 1,100 रुपए प्रति ग्राम वाले इरिडियम और रूथेनियम की 2 से 3 फीसदी मिलावट की जाए तो खरीदार को 24,000 से 36,000 रुपए का नुकसान होगा। इरिडियम की मिलावट हॉलमार्किंग में भी नहीं पकड़ में आती मिलावटी सोने के बिस्किट से बने गहनों के खरीदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मिलावटी सोने से बने गहनों की शुद्धता कम हो जाती है। ग्राहक गहनों को वापस बेचता है तो उसे 97 से 98 फीसदी शुद्धता के हिसाब से पैसा मिलता है। इससे ज्वैलर्स की साख पर भी असर पड़ रहा है। इरिडियम की मिलावट 1100 डिग्री तापमान पर की जाती है। इस मिलावट को हॉलमार्किंग सेंटर भी पकड़ नहीं पाते।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *