विदेश भेजने के नाम पर 8.80 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि उसने बेटे को कनाडा भिजवाने के लिए एक महिला को 4 लाख रुपए दिए। उसके बेटे को कनाडा भिजवा भी दिया गया, लेकिन वहां वर्क परमिट नहीं मिला। उसने बेटे को कुछ माह वहां रखने के लिए 4 लाख 80 हजार रुपए खर्च भी कर दिए लेकिन इसके बावजूद वर्क परमिट नहीं मिलने पर उसने मामला दर्ज करवाया।
सेतिया कॉलोनी के लाजपत पुत्र देवाराम सिंधी ने बताया कि उसे अपने बेटे को कनाडा भिजवाना था। उसे उसके परिचत ज्योति शर्मा ने कुंजविहार निवासी महिला प्रियंका से मिलवाया। प्रियंका चंडीगढ़ में स्टूडेंट को विदेश भिजवाने का काम करती है। कुछ माह पहले प्रियंका ने उसके बेटे को विदेश भिजवाने के लिए उससे चार लाख रुपए लिए और उसके बेटे को कनाडा भिजवा दिया। उसने विश्वास दिलाया था कि उसके बेटे को वर्क परमिट दिलवा देगी। उसने इसी उम्मीद से बेटे को वहां रखा कि उसे वर्क वीजा मिल जाएगा और कुछ माह वहां रखने के लिए 4 लाख 80 हजार रुपए खर्च कर दिए लेकिन फिर भी उसे वर्क वीजा नहीं मिला। इस तरह से उसे 8.80 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल कमलेश कुमार ने बताया कि लाजपत के बेटे को विदेश गए हुए लंबा समय बीत जाने के बाद भी उसे वर्क परमिट नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


