भास्कर न्यूज | जामताड़ा शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के लिए गुरुजी क्रेडिट कार्ड बनवाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किए जा रहे हैं। बीईईओ बिना रानी ने बताया कि प्रखंड के सभी विद्यार्थियों को इस योजना के लिए आवेदन कराने में सहयोग दिया जाएगा। गुरुजी क्रेडिट कार्ड झारखंड सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। जिसके तहत छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए 15 लाख रुपये तक का ऋण मात्र 4% ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को उच्च शिक्षा में मदद देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना में 4 लाख रुपये तक के ऋण पर कोई ब्याज नहीं लगता। साथ ही ऋण चुकाने के लिए छात्रों को 15 वर्ष तक का समय दिया जाता है। यह योजना अनेक प्रतिभावान छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग आसान बना रही है।


